Follow Us on Our Social Media
National

अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर फिर हंगामा, ममता बनर्जी ने पुलिस कमिश्नर अजय नंद के इस्तीफे की मांग की

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर शनिवार को एक बार फिर जमकर हंगामा हुआ। शुक्रवार रात से जारी तनाव के बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी घर से बाहर आईं और पुलिस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद के इस्तीफे की मांग करते हुए पुलिस अधिकारियों को चेतावनी भी दी।

दरअसल, शुक्रवार रात अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय BJP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, हाथापाई और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं। अभिषेक ने आरोप लगाया कि उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और उन पर कील लगे डंडों से हमला किया गया। घटना के बाद उनके घर के बाहर धारा 163 लागू कर दी गई थी।

समर्थकों और पुलिस के बीच हुई झड़प

शनिवार सुबह से ही अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। लोग फूल-मालाएं लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा था कि दोपहर करीब 3 बजे अभिषेक अस्थायी कैंप के पास केक काटेंगे। इसी दौरान सड़क पर कार्यक्रम करने को लेकर पुलिस और समर्थकों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

हंगामे की सूचना मिलने पर ममता और अभिषेक बनर्जी भी घर से बाहर आए। ममता ने एक कुर्सी पर खड़े होकर माइक्रोफोन के जरिए समर्थकों को संबोधित किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

ममता ने पुलिस को दी चेतावनी

ममता बनर्जी ने कहा कि कालीघाट के पटुआपाड़ा इलाके में बड़ी संख्या में लोग मूर्तियां खरीदने आते हैं। ऐसे में कारोबार और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिषेक से मिलने आने वाले लोग सड़क के बाईं ओर चलें, जबकि दाईं ओर का हिस्सा यातायात के लिए खुला रखा जाए।

इसके बाद ममता ने कालीघाट थाने के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि BJP की कठपुतली बनकर पुलिस अधिकारी अपनी कुर्सी गंवा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके काम में बाधा डाली गई तो वह अदालत का रुख करेंगी।

पुलिस कमिश्नर के इस्तीफे की मांग

ममता बनर्जी ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद पर भी निशाना साधा और उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल का भी जिक्र किया। ममता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात से पुलिस द्वारा ज्यादती की जा रही है और उनकी पार्टी के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

शुक्रवार रात से जारी है तनाव

शुक्रवार रात अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और BJP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।

अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार रात अपने आवास के बाहर धरना भी दिया था। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह घर के अंदर गए। उन्होंने दावा किया कि उनके चार से पांच समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button