रायगढ़ के विकास कार्यों का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ शहर का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सिंदूर पार्क, मिनी स्टेडियम, पंचतत्व गार्डन, जूटमिल हाउसिंग बोर्ड, मिट्ठूमुड़ा सामुदायिक भवन और फरहामुड़ा तालाब सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरी की जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार रायगढ़ के सुनियोजित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर में विकसित किए जा रहे पार्क, खेल परिसर, सामुदायिक भवन और जल संरक्षण परियोजनाएं नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी और रायगढ़ को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर के रूप में नई पहचान देंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगी और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने मंत्री को परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

