ChhattisgarhRailway

रायपुर रेल मंडल का विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” सफल, 15 दिनों में 18 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा 21 मई से 4 जून 2026 तक विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा के प्रति जागरूक करना, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और रेल यात्रा में अनुशासन व पारदर्शिता सुनिश्चित करना था।

प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद ने किया। 15 दिनों के दौरान कुल 2,836 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 18 लाख 9 हजार 165 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

अभियान के अंतिम दिन 4 जून को रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षकों, मुख्य टिकट निरीक्षकों और टीटीई की टीमों ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सघन जांच की।

जांच में कुल 594 मामले सामने आए, जिनसे 3 लाख 92 हजार 850 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 407 मामलों से 3 लाख 20 हजार 330 रुपये, अनियमित टिकट के 136 मामलों से 67 हजार 30 रुपये, बिना बुक किए सामान के 11 मामलों से 1,390 रुपये तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने के 40 मामलों से 4,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यात्रा में सहयोग करें।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button