कबीरधाम में बड़ा हादसा टला: स्टेयरिंग फेल होने से बस खेत में पलटी, 60 यात्री थे सवार, 5 घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एनएच-30 पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ जा रही नफीस ट्रेवल्स की यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गई।
बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण बस का स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है।
चालक के अनुसार, अचानक नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में भय का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए चीखने लगे।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना की आवाज सुनते ही पास के पनेका गांव के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बिना देरी किए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। उनकी तत्परता से कई लोगों की जान बच गई।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही दशरंगपुर पुलिस और जिला यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी अपनी टीम के साथ करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। क्रेन और स्थानीय संसाधनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सभी 60 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
5 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में पांच यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर लंबी दूरी की बसों में सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े करती है। क्षमता से अधिक यात्रियों के सफर और नियमित जांच की कमी पर भी चिंता जताई जा रही है।

