छत्तीसगढ़ की महिलाओं का चौंकाने वाला सच, बढ़ रहा शराब का सेवन
NFHS सर्वे में खुलासा,गांवों के आंकड़े चौंकाने वाले

रायपुर। महिलाओं के बीच शराब और तंबाकू के सेवन को लेकर सामने आई नई रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS) 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़(Chhattisgarh) में पहले की तुलना में अधिक महिलाएं शराब और तंबाकू का सेवन कर रही हैं। खास बात यह है कि इस मामले में ग्रामीण क्षेत्रों के आंकड़े शहरी इलाकों की तुलना में काफी अधिक हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में 15 वर्ष से अधिक आयु की 5.7 प्रतिशत महिलाएं शराब का सेवन करती हैं। पिछली सर्वे रिपोर्ट की तुलना में यह संख्या बढ़ी है। शहरी क्षेत्रों में जहां 1.6 प्रतिशत महिलाओं द्वारा शराब सेवन की बात सामने आई है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 6.8 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे स्पष्ट होता है कि छत्तीसगढ़(Chhattisgarh) में गांवों में महिलाओं के बीच शराब सेवन की प्रवृत्ति अपेक्षाकृत अधिक है।
राज्य में 18.7 प्रतिशत महिलाएं कर रही तंबाकू सेवन
तंबाकू सेवन के मामले में भी स्थिति चिंताजनक नजर आती है। सर्वे के अनुसार छत्तीसगढ़(Chhattisgarh) की 18.7 प्रतिशत महिलाएं किसी न किसी रूप में तंबाकू का उपयोग करती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि सामाजिक और जागरूकता से जुड़ा मुद्दा भी है।
तंबाकू सेवन के मामले में मध्यप्रदेश सबसे आगे
पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में भी महिलाओं के बीच शराब सेवन के मामलों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां 15 वर्ष से अधिक आयु की 1.2 प्रतिशत महिलाएं शराब का सेवन करती हैं। वहीं तंबाकू सेवन के मामले में मध्यप्रदेश सबसे आगे है, जहां लगभग 47.7 प्रतिशत महिलाएं तंबाकू का उपयोग करती हैं।
दूसरी ओर राजस्थान में महिलाओं के शराब सेवन के आंकड़े अपेक्षाकृत कम और स्थिर बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार वहां 0.3 प्रतिशत महिलाएं शराब का सेवन करती हैं और पिछले कुछ वर्षों में इस आंकड़े में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा गया है। तंबाकू सेवन के मामले में भी राजस्थान की स्थिति अन्य दोनों राज्यों की तुलना में बेहतर बताई गई है।

