उड़ीसा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं को बनाते थे निशाना, तोरवा-सिरगिट्टी की वारदातों का खुलासा

बिलासपुर। महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उड़ीसा से संचालित इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरोह स्थानीय सहयोगियों की मदद से शहर में ठहरकर सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देता था।
लगातार सामने आ रही चैन स्नैचिंग और लूट की घटना, लोगों में था दहशत
पिछले कुछ समय से तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल था। खासतौर पर सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें एक संगठित गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
आरोपी अपने परिचित के घर रुक कर घटना को देते थे अंजाम
जांच में सामने आया कि उड़ीसा से आने वाले आरोपियों(The accused) स्थानीय संपर्कों के यहां ठहरते थे और वारदात को अंजाम देकर वापस फरार हो जाते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों(The accused) की पहचान शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं के साथ लूट और चैन स्नैचिंग की तीन वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक यह आरोपियों(The accused) का गिरोह संगठित तरीके से विभिन्न राज्यों में इस तरह के अपराधों को अंजाम देता था। इसी वजह से आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र समेत अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

