महतारी वंदन योजना में नए हितग्राही महिलाओं की होगी एंट्री, सरकार ने दी बड़ी जानकारी
2 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा फायदा, जल्द शुरू होगा पोर्टल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं(women) के लिए महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल फिर से शुरू करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर पोर्टल प्रारंभ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
बस्तर संभाग से होगी शुरुआत
मंत्री के अनुसार, योजना के तहत सबसे पहले बस्तर संभाग की महिलाओं(women) के लिए पोर्टल खोला जाएगा। इससे क्षेत्र की बड़ी संख्या में ऐसी महिलाओं को लाभ मिल सकेगा, जो अब तक योजना से नहीं जुड़ पाई हैं। सरकार का अनुमान है कि बस्तर संभाग की दो लाख से अधिक महिलाएं इस प्रक्रिया से लाभान्वित होंगी।
सरकार ने इस बार पुनर्वासित महिला नक्सलियों को भी योजना के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना है।
बस्तर के बाद अन्य जिलों में खुलेगा पोर्टल
मंत्री ने कहा कि बस्तर में प्रक्रिया शुरू होने के बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों में भी पोर्टल खोला जाएगा। इसके जरिए पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं(women) तक योजना का लाभ पहुंच सके।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। पोर्टल शुरू होने की खबर से लंबे समय से इंतजार कर रही महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है।

