Business

अगले हफ्ते सोना-चांदी में रह सकती है बड़ी हलचल, इन वैश्विक घटनाओं पर रहेगी बाजार की नजर

अगले सप्ताह सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव और वैश्विक आर्थिक आंकड़े सर्राफा बाजार की दिशा तय करेंगे.

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख देशों के विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई, यूरोजोन के महंगाई के आंकड़े, अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार (Non-Farm Payroll) और बेरोजगारी के आंकड़ों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी. इनसे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की रणनीति का संकेत मिल सकता है.

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव भी बाजार को प्रभावित कर सकता है. यदि दोनों देशों के बीच हालात और बिगड़ते हैं, तो कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आ सकती है, जिसका असर सोना-चांदी की कीमतों पर भी पड़ सकता है.

पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 3.5% और चांदी की कीमत 10.7% तक गिर गई. वहीं घरेलू वायदा बाजार MCX में अगस्त डिलीवरी वाला सोना करीब 2.06% और सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 6.4% तक कमजोर रही.

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग कम हुई. हालांकि, अमेरिका में महंगाई के नरम आंकड़े, चीन के केंद्रीय बैंक की लगातार सोने की खरीद और अमेरिका-ईरान तनाव जैसे कारक आने वाले दिनों में सोने को कुछ सहारा दे सकते हैं.

बाजार जानकारों का मानना है कि अगले सप्ताह निवेशकों को वैश्विक घटनाक्रम और आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखते हुए ही निवेश संबंधी फैसले लेने चाहिए.

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button