National

इंडोनेशिया को मिलेगी ब्रह्मोस मिसाइल, पीएम मोदी की यात्रा में रक्षा समेत कई बड़े समझौते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान रक्षा, कृषि, खनिज, स्वास्थ्य, तकनीक और शिक्षा समेत कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। सबसे बड़ी घोषणा इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की आपूर्ति को लेकर हुई।

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया की रणनीतिक साझेदारी एक नए दौर में प्रवेश कर रही है।

बैठक में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, आपदा प्रबंधन, समुद्री सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई। कृषि क्षेत्र में भारत इंडोनेशिया को उन्नत गेहूं के बीज उपलब्ध कराएगा, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में भारतीय दवाइयों की आसान उपलब्धता और चिकित्सा कर्मियों के प्रशिक्षण पर भी सहमति बनी।

तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में भी अहम फैसले लिए गए। दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेलीकॉम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया। साथ ही, IIM बेंगलुरु का कैंपस इंडोनेशिया में खोला जाएगा।

इसके अलावा समुद्री सुरक्षा, स्टील सप्लाई चेन और खनिज क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भी समझौते किए गए। प्रधानमंत्री मोदी की यह 2018 के बाद इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है, जिससे भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button