एक वोट से जीते पार्षद की पहचान और जाति प्रमाण पत्र पर विवाद, पुलिस जांच शुरू

खैरागढ़। राजनांदगांव जिले की नगर पंचायत घुमका के वार्ड क्रमांक-14 से एक वोट से चुनाव जीतने वाले पार्षद संतोष गंधर्व विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहचान और जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है।
ग्राम सिरसाही निवासी जगन्नाथ गंधर्व ने ठेलकाडीह थाने में शिकायत देकर दावा किया है कि संतोष उनके पुत्र नहीं हैं। उनका आरोप है कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार किए गए और अनुसूचित जाति (एससी) का जाति प्रमाण पत्र बनवाकर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, संतोष गंधर्व ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बचपन से लेकर अब तक उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्कूल रिकॉर्ड और अन्य सभी सरकारी दस्तावेजों में जगन्नाथ गंधर्व का नाम ही पिता के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि उनकी मां और जगन्नाथ गंधर्व का विवाह हुआ था, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए थे।
संतोष का आरोप है कि चुनाव में हारने वाले लोग राजनीतिक साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस उनका बयान दर्ज कर चुकी है और वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
संतोष गंधर्व वार्ड क्रमांक-14 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में केवल एक वोट से चुनाव जीते थे। इसी के बाद यह विवाद सामने आया है।
फिलहाल पुलिस जन्म रिकॉर्ड, परिवार रजिस्टर, स्कूल के दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र और चुनाव में जमा किए गए अभिलेखों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मामला फर्जी दस्तावेजों का है या पारिवारिक विवाद का।

