पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर की पहल का असर: मई तक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी, जून के भुगतान की प्रक्रिया शुरू

रायपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान को लेकर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर (Mohammad Akbar’s ) की पहल के बाद प्रदेश के लाखों हितग्राहियों को राहत मिली है। राज्य सरकार ने मई 2026 तक की लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी कर दी है, जबकि जून माह की पेंशन के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मोहम्मद अकबर (Mohammad Akbar’s ) ने 5 जून को राज्यपाल को पत्र लिखकर प्रदेश में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के हितग्राहियों को कई महीनों से भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि बढ़ती महंगाई और भीषण गर्मी के बीच बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और जरूरतमंद परिवारों के लिए पेंशन ही जीवनयापन का प्रमुख सहारा है। ऐसे में भुगतान में देरी से लाखों लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अपने पत्र में कांग्रेस नेता (Mohammad Akbar’s ) ने राज्यपाल से संविधान के अनुच्छेद 154 के तहत हस्तक्षेप करने और राज्य सरकार को समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश देने का आग्रह किया था। उन्होंने यह सुझाव भी दिया था कि यदि केंद्र सरकार से राशि मिलने में देरी हो रही है तो राज्य सरकार अन्य मद से भुगतान कर बाद में उसकी प्रतिपूर्ति कर सकती है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब प्रदेश के सभी पात्र हितग्राहियों को मई 2026 तक की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। साथ ही जून माह की पेंशन जारी करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है और जल्द ही इसका भुगतान पूरा होने की संभावना है।
कांग्रेस ने इसे मोहम्मद अकबर की पहल का सकारात्मक परिणाम बताया है। पार्टी का कहना है कि राज्यपाल के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद सरकार ने लंबित भुगतान की दिशा में कदम बढ़ाए। वहीं, सरकार की ओर से भी जून माह की पेंशन का भुगतान जल्द पूरा करने की बात कही गई है, जिससे प्रदेश के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

