Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बड़ा तोहफा:

अब फ्री में घर ले जा सकेंगे किताबें, जल्द शुरू होगा चौथा एयरोब्रिज

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब पहले से कहीं ज्यादा आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलने वाली हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नई सुविधाओं की शुरुआत की है। इनमें सबसे खास है ‘फ्लाब्रेरी’ (Flybrary), जहां यात्री अपनी पसंद की किताबें मुफ्त में पढ़ने के लिए ले सकते हैं। खास बात यह है कि इन किताबों को घर ले जाने पर भी कोई शुल्क नहीं देना होगा।

एयरपोर्ट निदेशक योगेश नगाइच के मुताबिक, पिछले आठ महीनों से एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि अब यात्रियों को सिर्फ बेहतर सुविधाएं ही नहीं, बल्कि सफर को यादगार बनाने वाले नए अनुभव भी मिलेंगे।

अब एयरपोर्ट पर मिलेगीफ्लाब्रेरीकी सुविधा

फ्लाब्रेरी में यात्रियों के लिए हास्य-व्यंग्य, पर्यटन, मनोरंजन, प्रेरक साहित्य और महापुरुषों की जीवनी जैसी कई विषयों की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्री इन पुस्तकों को पढ़ सकते हैं और चाहें तो उन्हें अपने साथ घर भी ले जा सकते हैं। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

पार्किंग व्यवस्था बदली, ट्रैफिक से मिलेगी राहत

एयरपोर्ट पर पार्किंग को लेकर होने वाली भीड़ और विवाद को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब पार्किंग में तीन अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। पहली लेन फास्टैग से भुगतान करने वाले वाहनों के लिए, दूसरी नकद भुगतान करने वालों के लिए और तीसरी कमर्शियल वाहनों के लिए निर्धारित की गई है। इससे वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम होगी।

चौथा एयरोब्रिज जल्द होगा शुरू

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर चौथे एयरोब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इंस्टॉलेशन की तैयारी अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को विमान में चढ़ने और उतरने में पहले से ज्यादा सुविधा मिलेगी।

फाइव स्टार होटल जैसा बनेगा वीआईपी लाउंज

एयरपोर्ट पर वीआईपी और वीवीआईपी यात्रियों के लिए दो नए आधुनिक वेटिंग लाउंज तैयार किए जा रहे हैं। इनका इंटीरियर फाइव स्टार होटल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है और आने वाले महीनों में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।

बच्चों के लिए बनेगा किड्स प्ले जोन

परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर किड्स प्ले जोन भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा टर्मिनल भवन की नई फॉल्स सीलिंग, आकर्षक वॉल डेकोरेशन, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे एयरपोर्ट का लुक पूरी तरह बदल जाएगा।

एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा और आसान

यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट के सामने की चार लेन सड़क को छह लेन में बदला जा रहा है। इसके साथ ही पैदल यात्रियों के लिए वॉक-वे का भी विस्तार किया जा रहा है, ताकि लोग अपने सामान के साथ आसानी से टर्मिनल तक पहुंच सकें।

रायपुर एयरपोर्ट के निदेशक योगेश नगाइच का हाल ही में पदोन्नति के बाद चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीईओ के रूप में चयन हुआ है। उनके कार्यकाल में रायपुर एयरपोर्ट पर शुरू की गई कई नई सुविधाओं का लाभ अब सीधे यात्रियों को मिलने जा रहा है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button