बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट पर नया विवाद: ड्रेसिंग रूम वीडियो से ECB पर ICC के भ्रष्टाचार विरोधी नियम तोड़ने के आरोप

दिल्ली। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes’) के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अब एक नया विवाद सामने आया है।
स्टोक्स के रिटायरमेंट वाले दिन ड्रेसिंग रूम में दिए गए उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस मामले ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है।
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के चौथे दिन बेन स्टोक्स (Ben Stokes’) ने अपने साथियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की जानकारी दी थी।
इसी दौरान ईसीबी ने ड्रेसिंग रूम में रिकॉर्ड किया गया उनका भावुक भाषण सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। चायकाल के ब्रेक से ठीक पहले स्टोक्स के संन्यास की आधिकारिक घोषणा की गई और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
आईसीसी ने मांगा जवाब
आईसीसी का मानना है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के सुरक्षित क्षेत्र (PMOA) की रिकॉर्डिंग और उसका सार्वजनिक प्रसारण भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल और संचालन मानकों का उल्लंघन हो सकता है। इसी आधार पर आईसीसी ने ईसीबी से जवाब मांगा है।
विवाद पर बेन स्टोक्स (Ben Stokes’) ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर मजाक करते हुए लिखा, “जिसने ऐसा किया, उसे नौकरी से निकाल दो।” उनके इस पोस्ट को फैंस ने भी खूब शेयर किया।
आखिरी मैच में पहली बॉल पर लिया विकेट
रिटायरमेंट वाले मैच में स्टोक्स ने गेंदबाजी की शुरुआत शानदार अंदाज में की और अपनी पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया। हालांकि इंग्लैंड को मुकाबले में 160 रन से हार का सामना करना पड़ा और न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
गौरतलब है कि इस सीरीज के दौरान स्टोक्स पहले भी एक नाइटक्लब विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे। अब ड्रेसिंग रूम वीडियो के कारण ईसीबी पर उठे सवालों ने उनके रिटायरमेंट को भी विवादों के घेरे में ला दिया है।

