ChhattisgarhBilaspur

क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर महिला से 4 लाख की धोखाधड़ी

18 महीने में रकम दोगुनी करने का वादा

बिलासपुर। क्रिप्टोकरेंसी(Cryptocurrency) में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का सपना दिखाकर एक 62 वर्षीय महिला से 4 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता को 18 महीने में निवेश पर दोगुना रिटर्न देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन तय समय पूरा होने पर आरोपी ने कंपनी बंद होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। मामले की शिकायत मिलने पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिटकॉइन में निवेश का दिया लालच

जानकारी के अनुसार, हेमू नगर निवासी 62 वर्षीय आशा भागचंदानी की जनवरी 2024 में व्यापार विहार स्थित उज्जीवन बैंक के बाहर गौरी शंकर दिवाकर नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को निवेश से जुड़ी जानकारी रखने वाला बताकर महिला का भरोसा जीता। उसने ‘श्रीवर्स’ नाम की कंपनी के जरिए क्रिप्टोकरेंसी(Cryptocurrency) में निवेश करने की सलाह दी और दावा किया कि 18 महीने के भीतर निवेश की गई राशि दोगुनी हो जाएगी। बेहतर मुनाफे की उम्मीद में महिला आरोपी की बातों पर भरोसा कर बैठीं। 27 जनवरी 2024 को आरोपी उनके घर पहुंचा, जहां महिला ने ऑनलाइन माध्यम से उसके बताए खाते में 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

समय पूरा हुआ तो कंपनी बंद होने का बहाना

करीब 18 महीने बीतने के बाद जब महिला ने अपनी रकम और मुनाफे के बारे में जानकारी मांगी, तो आरोपी ने कंपनी बंद हो जाने की बात कहकर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। कुछ समय बाद उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया, जिससे उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया। तब पीड़िता को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने तोरवा थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी निवेश का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना या क्रिप्टोकरेंसी(Cryptocurrency) में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की पूरी जानकारी जरूर जांच लें। केवल अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन के रकम निवेश करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button