Chhattisgarh

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. सुस्कर विपुल बने रायपुर मंडल के सीनियर डीसीएम

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) में प्रशासनिक फेरबदल के तहत रायपुर रेल मंडल को नए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) मिल गए हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के पद पर कार्यरत डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव का तबादला रायपुर रेल मंडल में सीनियर डीसीएम के रूप में किया गया है। वहीं उनकी जगह शेख समी उर रहमान ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार संभाल लिया है।

शेख समी उर रहमान भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 2015 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वे पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। अपने रेलवे सेवा काल में उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम), मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (एसआर डीएसओ) जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी निभाई है।

दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने एनआईटी रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक की पढ़ाई की है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा में हुआ था। उन्होंने 14 दिसंबर 2016 को भारतीय रेल में अपनी सेवा की शुरुआत की थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह तबादला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नए पदस्थापनों के बाद दोनों अधिकारियों ने अपनी-अपनी नई जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button