Chhattisgarh

विधानसभा में आज गूंजेंगे 63 जनहित के मुद्दे, फर्जी ग्रामसभा से लेकर रायपुर मास्टर प्लान तक सरकार से होंगे सवाल

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में गुरुवार को 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल फर्जी ग्रामसभाओं के आधार पर उद्योगों की स्थापना और इस मामले में दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

सदन में रायपुर के मास्टर प्लान, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कर्मचारियों के वेतन भुगतान, प्रदेश की जर्जर सड़कों, औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था सहित कई अहम जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय और भौतिक प्रगति से संबंधित जानकारी मांगेंगे। विधायक आशाराम नेताम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मामला उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत प्राचीन पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के सत्यापन एवं संरक्षण कार्यों की जानकारी लेंगे।

कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद मत्स्य पालन के लिए पट्टों के आबंटन का मुद्दा उठाएंगे, जबकि भाजपा विधायक ललित चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में उपकरण खरीदी में कथित अनियमितताओं पर सरकार से जवाब मांगेंगे। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू उर्वरक वितरण से जुड़े विषय को सदन में रखेंगे।

कार्यसूची के अनुसार ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में कथित अनियमितता, रायपुर शहर के मास्टर प्लान, औद्योगिक कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रदेश की खराब सड़कें, कोरिया जिले में कार में आग लगाकर की गई हत्या और जंगलों की अवैध कटाई जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न जिलों से जुड़े कई स्थानीय और जनहित के मामलों पर भी संबंधित मंत्री जवाब देंगे।

सदन में दो अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखेंगे, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित अशासकीय संकल्प पेश करेंगे।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button