रायपुर में ट्रेन के सामने कूदकर जान देने की कोशिश, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

राजधानी रायपुर के खमतराई रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस जब श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर होने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने ट्रेन के सामने कूदने का कदम क्यों उठाया, इसका कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

