100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, PWD कर्मचारी समेत दो युवकों की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे (Accident) में दो युवकों की मौत हो गई। चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी-नाव सड़क (Accident) पर हुआ। एचपी-08ए-8441 नंबर की आल्टो कार अचानक चालक का नियंत्रण खोने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुमार, निवासी गांव दोछी, तहसील नेरवा और जितेंद्र, निवासी चाड़चधार धबास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) में मल्टी टास्क वर्कर के रूप में कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया।
सूचना मिलने पर नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान (Accident) चलाया गया। दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज मोड़ या वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

