खड़गे का आरोप- माइक बंद कर दबाई गई आवाज, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर संसद में हंगामा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी दलों ने पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर सरकार से चर्चा की मांग की। लगातार शोर-शराबे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई, लेकिन उनका माइक बंद कर दिया गया।
खरगे ने कहा कि देशभर के छात्र पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उन पर लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से इस मामले पर सदन में चर्चा कराने और गृह मंत्री से बयान देने की मांग की।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। खरगे ने कहा कि अगर संसद में भी ऐसे मुद्दों पर चर्चा नहीं होगी, तो फिर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज कहां उठाई जाएगी।
वहीं, सरकार की ओर से इस मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिए जाने की संभावना है। फिलहाल पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन का मामला संसद में सियासी टकराव का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

