National

राहुल-खड़गे का पीएम आवास के बाहर धरना, पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। मानसून सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। सभी नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

धरने से पहले कांग्रेस नेताओं ने संसद से प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस नेताओं ने सांकेतिक रूप से हाथों में हथकड़ी पहनकर विरोध जताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि छात्र पेपर लीक और उनके साथ हुई कार्रवाई को लेकर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन सरकार न तो जिम्मेदारी ले रही है और न ही संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के युवाओं का भविष्य खतरे में है।

मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि देश के छात्रों को अपने भविष्य की चिंता है, जबकि सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और युवाओं का भरोसा टूट रहा है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत भी हुई। इस बीच सुखजिंदर सिंह रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने धरना स्थल पर बसें भी तैनात कीं और प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button