सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर सरकार का जोर, किसानों के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों व वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर
बैठक में किसानों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है सहकारिता
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी बन सके।

