Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

CG SET 2026: अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब 19 नहीं 30 विषयों में होगी परीक्षा

17 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

रायपुर-छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (CG SET) 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। इस बार परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने CG SET 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सबसे खास बात यह है कि इस बार परीक्षा में विषयों की संख्या 19 से बढ़ाकर 30 कर दी गई है। यानी अब 11 नए विषयों के अभ्यर्थियों को भी राज्य पात्रता परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।

CG SET 2026 में बड़ा बदलाव, 11 नए विषय जोड़े गए

सीजीएसएसबी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अभ्यर्थी 17 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन पत्र में किसी प्रकार की गलती होने पर 18 अगस्त से 20 अगस्त तक त्रुटि सुधार का अवसर भी दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें।

CG SET 2024 की तुलना में इस बार परीक्षा का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां 19 विषयों में परीक्षा आयोजित होती थी, वहीं अब कुल 30 विषयों में परीक्षा होगी। इससे उन छात्रों को भी मौका मिलेगा जो अब तक अपने विषय शामिल नहीं होने के कारण परीक्षा नहीं दे पा रहे थे।

मानवशास्त्र से पत्रकारिता तक, कई नए विषयों को मिली जगह

इस बार मानवशास्त्र, संगीत, कला मंच-नृत्य, नाटक एवं थियेटर, फाइन आर्ट एवं मूर्तिकला, योग, लोक प्रशासन, रक्षा एवं सामरिक अध्ययन, दर्शनशास्त्र, प्रबंधन, जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागरीय एवं ग्रहीय विज्ञान जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इन विषयों में स्नातकोत्तर कर चुके युवाओं के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।

4 अक्टूबर को होगी परीक्षा, दो पालियों में होगा आयोजन

CG SET 2026 का आयोजन 4 अक्टूबर (रविवार) को प्रदेश के 10 जिला मुख्यालयों में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहला प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे से 11:15 बजे तक और दूसरा प्रश्नपत्र दोपहर 2 बजे से 4:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

आखिर क्या है CG SET और क्यों है यह जरूरी?

छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा यानी CG SET राज्य स्तर की पात्रता परीक्षा है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा किया जाता है। यह परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) बनने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक पात्रता निर्धारित करती है।

हालांकि CG SET पास करने से सीधे नौकरी नहीं मिलती, लेकिन विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक भर्ती के लिए यह एक महत्वपूर्ण योग्यता मानी जाती है। ऐसे में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह परीक्षा बेहद अहम है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button