Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

रायपुर में 25 करोड़ की लागत से बनेगा बड़ा परीक्षा केंद्र, CGPSC-UPSC समेत कई प्रतियोगी परीक्षाएं एक ही जगह होंगी

रायपुर। आने वाले दिनों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए अलग-अलग शहरों और केंद्रों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी परिसर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़े परीक्षा केंद्र का निर्माण कराने जा रही है। यहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एक साथ परीक्षा दे सकेंगे।

यूनिवर्सिटी कैंपस में जगह का चयन

जानकारी के मुताबिक, नए परीक्षा केंद्र के निर्माण के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी परिसर का निरीक्षण किया है। परीक्षा केंद्र के लिए जगह का चयन विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ मिलकर किया गया है।

एसडीएम नंद कुमार चौबे ने बताया कि परीक्षा केंद्र के लिए बजट में पहले ही प्रावधान किया गया था। अब केंद्र के निर्माण के लिए यूनिवर्सिटी परिसर में स्थान तय कर लिया गया है। जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

एक ही छत के नीचे होंगी कई परीक्षाएं

नए परीक्षा केंद्र के तैयार होने के बाद CGPSC, UPSC और व्यापमं समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन एक ही स्थान पर किया जा सकेगा। इससे परीक्षा आयोजन में भी सुविधा होगी और अभ्यर्थियों का समय भी बचेगा।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले अभ्यर्थी राजधानी रायपुर में एक व्यवस्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकेंगे। इससे उन्हें बार-बार अलग-अलग शहरों में परीक्षा केंद्र तलाशने और यात्रा करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

NEET-JEE छात्रों को भी फायदा

नए परीक्षा केंद्र को लेकर युवाओं में भी उत्साह है। अभ्यर्थी यामिनी वर्मा ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अक्सर कभी एक शहर तो कभी दूसरे शहर जाना पड़ता है। यह समस्या सिर्फ प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि NEET और JEE जैसी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को भी कई बार इसका सामना करना पड़ता है।

उनका कहना है कि राजधानी में रविशंकर यूनिवर्सिटी परिसर में एक व्यवस्थित परीक्षा केंद्र बनने से छात्रों को काफी सहूलियत मिलेगी।

युवाओं ने कहा- देर आए, दुरुस्त आए

अभ्यर्थी प्रद्मुन जोशी ने भी इस पहल का स्वागत किया। हालांकि उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था कई साल पहले ही बन जानी चाहिए थी, लेकिन अब शुरू हो रही है तो उम्मीद है कि इसका निर्माण जल्द पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि इससे उनके जैसे हजारों छात्रों को परीक्षा के लिए यहां-वहां भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही जगह पर परीक्षा आयोजित होने से हर बार नए परीक्षा केंद्र की तलाश में लगने वाला समय भी बचेगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button