NH-30 की बदहाली देख अचानक रुका डिप्टी CM विजय शर्मा का काफिला, सड़क पर उतरकर लिया जायजा; अधिकारियों को दिए निर्देश

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में नेशनल हाईवे-30 की बदहाल स्थिति देखकर उपमुख्यमंत्री और जिले के विधायक विजय शर्मा का काफिला अचानक रुक गया। सड़क पर जगह-जगह जलभराव, जर्जर हिस्से और वाहनों की लंबी कतारें देखकर विजय शर्मा खुद मौके पर उतरे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भारी बारिश से NH-30 पर बिगड़े हालात
दरअसल, कवर्धा में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रायपुर-जबलपुर मार्ग (NH-30) पर राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईवे के कई हिस्सों में सड़क जर्जर होने के साथ पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
जलभराव और खराब सड़क के कारण हादसे की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं, हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ता नजर आया।
काफिला रुकवाकर खुद लिया जायजा
इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा इसी मार्ग से गुजर रहे थे। हाईवे की स्थिति देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और खुद मौके पर उतरकर सड़क और यातायात के हालात का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के बीच राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।



