राम गोपाल वर्मा और मोहित सूरी साथ ला रहे नई फिल्म, लव स्टोरी में होगा गैंगस्टर का तड़का

मुंबई। ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक राम गोपाल वर्मा और ‘सैयारा’ तथा ‘आशिकी 2’ के निर्देशक मोहित सूरी एक नए प्रोजेक्ट के लिए साथ आ रहे हैं। राम गोपाल वर्मा ने रविवार को अपने एक्स अकाउंट पर मोहित सूरी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए इस फिल्म का ऐलान किया।
लव स्टोरी में होगा गैंगस्टर का तड़का
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि वह और मोहित सूरी मिलकर एक ऐसी ‘लव डिश’ तैयार कर रहे हैं, जिसमें गैंगस्टर का तड़का होगा। हालांकि, उन्होंने फिल्म के नाम का खुलासा अभी नहीं किया है।
उन्होंने मोहित सूरी के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा कि दोनों उनकी अगली फिल्म के लिए मिलकर ‘गैंगस्टर करी’ वाली ‘लव डिश’ तैयार कर रहे हैं और फिल्म से जुड़ी डिटेल्स जल्द सामने आएंगी।
स्टारकास्ट और कहानी पर सस्पेंस
फिल्म का ऐलान होने के बावजूद इसके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म की स्टारकास्ट, टाइटल और कहानी को फिलहाल गुप्त रखा गया है।
यह भी स्पष्ट नहीं है कि राम गोपाल वर्मा और मोहित सूरी इस प्रोजेक्ट में किस भूमिका में होंगे। क्या दोनों फिल्म का निर्देशन करेंगे, कहानी पर साथ काम करेंगे या दोनों की कोई अलग जिम्मेदारी होगी, इसका खुलासा भी अभी नहीं हुआ है।
‘सैयारा’ से छाए मोहित सूरी
मोहित सूरी रोमांटिक और क्राइम-लव स्टोरी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में करीब 14 फिल्मों का निर्देशन किया है। उनके निर्देशन करियर की शुरुआत इमरान हाशमी की फिल्म ‘जहर’ से हुई थी।
उनकी 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘सैयारा’ को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में अहान पांडे और अनीत पड्डा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे और फिल्म ने 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था।
गैंगस्टर फिल्मों के लिए मशहूर हैं राम गोपाल वर्मा
वहीं, राम गोपाल वर्मा गैंगस्टर, क्राइम और सस्पेंस-थ्रिलर फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने ‘सत्या’, ‘रंगीला’, ‘कौन’, ‘कंपनी’, ‘भूत’, ‘सरकार’ और ‘सरकार राज’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।
खास तौर पर ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी गैंगस्टर फिल्मों को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों की भी काफी सराहना मिली थी।
अब मोहित सूरी की रोमांटिक कहानी और राम गोपाल वर्मा के गैंगस्टर सिनेमा का यह संभावित मेल कैसा होगा, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म की स्टारकास्ट और बाकी जानकारी सामने आने के बाद प्रोजेक्ट को लेकर तस्वीर और साफ होगी।



