स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, इसे बताया ‘महतारी वंदन वसूली योजना’

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को “महतारी वंदन वसूली योजना” का नाम दिया और सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूलने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि हर परिवार का एक तय मासिक बजट होता है। 10 से 15 हजार रुपये मासिक आय वाले लोग इसी आय से राशन, मकान का किराया, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्च पूरे करते हैं। ऐसे में यदि पहले 1,000 से 1,500 रुपये आने वाला बिजली बिल बढ़कर 5 से 7 गुना हो जाए, तो पूरे परिवार का बजट बिगड़ जाता है और लोगों को कर्ज लेने की नौबत आ जाती है।
‘महतारी वंदन योजना के नाम पर हो रही वसूली’
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपये देने के बाद स्मार्ट मीटर के जरिए कई गुना राशि बिजली बिल के रूप में वसूल रही है। उन्होंने कहा कि इसी विरोध के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने स्मार्ट मीटर का नाम “महतारी वंदन वसूली योजना” रखा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पहले से ही पूरे प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में आंदोलन कर रही है। साथ ही, लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं।
भाजपा सरकार पर लगाए कई आरोप
विकास उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली वाला राज्य होने के बावजूद लोगों को महंगी बिजली का बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता से अधिक वसूली की जा रही है और इसका लाभ निजी कंपनियों को पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल से आम जनता पर दोहरी मार पड़ रही है। एक ओर महंगाई बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की बढ़ी हुई दरों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्मार्ट मीटर से बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले बिजली बिल हाफ योजना के तहत 400 यूनिट तक छूट मिलती थी, जिसे समाप्त कर दिया गया है।
बिजली बिल हाफ योजना का किया जिक्र
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत मिली थी और लाखों परिवारों की बचत हुई थी। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

