International

PoK विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नवाज शरीफ की पार्टी आगे, 13 में से 9 सीटों पर जीत

नई दिल्ली। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने बढ़त बना ली है। शुरुआती और अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, 13 सीटों में से 9 पर PML-N ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को 4 सीटें मिली हैं। मतदान के दौरान कई स्थानों पर हिंसा, फायरिंग और बैलेट बॉक्स में आग लगाने जैसी घटनाएं भी सामने आईं।

पहले चरण में मीरपुर, कोटली और भीम्बर जिलों की 13 सीटों पर मतदान हुआ। मतदान शाम 5 बजे तक चला, जिसके बाद कतार में मौजूद मतदाताओं को वोट डालने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया। इसके बाद मतगणना शुरू हुई।

PML-N ने इन सीटों पर दर्ज की जीत

शुरुआती नतीजों के मुताबिक PML-N ने LA-1 मीरपुर-1, LA-4 मीरपुर-4, LA-5 भीम्बर-1, LA-6 भीम्बर-2, LA-7 भीम्बर-3, LA-9 कोटली-2, LA-11 कोटली-4, LA-12 कोटली-5 और LA-13 कोटली-6 सीट पर जीत हासिल की।

वहीं PPP ने LA-2 मीरपुर-2, LA-3 मीरपुर-3, LA-8 कोटली-1 और LA-10 कोटली-3 सीट पर जीत दर्ज की।

मतदान के दौरान हिंसा, एक की मौत

मतदान के दौरान LA-9 कोटली-2 के नकयाल क्षेत्र स्थित एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए मतदान रोक दिया गया।

PPP ने दावा किया कि मृतक उसकी पार्टी का कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस था और उस पर PML-N समर्थकों ने गोली चलाई। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बिलावल भुट्टो ने जताया दुख

PPP अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होने चाहिए थे। उन्होंने 12 शरणार्थी सीटों के विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस मुद्दे का समाधान चुनाव से पहले किया जाना चाहिए था, ताकि नए जनादेश पर कोई सवाल न उठे।

बैलेट बॉक्स में लगाई आग

वहीं LA-6 भीम्बर में दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने एक बैलेट बॉक्स छीनकर उसमें आग लगा दी। अधिकारियों के अनुसार, उस बैलेट बॉक्स में 232 वोट थे। घटना के बाद दो मतदान केंद्रों पर मतदान रोक दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान कराने का फैसला जांच के बाद लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अन्य सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button