Entertainment

संजय दत्त के जन्मदिन पर चर्चा में उनकी निजी जिंदगी, जानिए कहां हैं दूसरी पत्नी रिया पिल्लई

 

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। अपने फिल्मी करियर के साथ-साथ वह हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। संजय दत्त ने तीन शादियां कीं। पहली पत्नी ऋचा शर्मा का निधन हो गया था, जबकि दूसरी पत्नी रिया पिल्लई अब फिल्मी दुनिया से दूर अपनी अलग जिंदगी जी रही हैं। फिलहाल संजय दत्त अपनी तीसरी पत्नी मान्यता दत्त के साथ खुशहाल वैवाहिक जीवन बिता रहे हैं।

संजय दत्त की पहली शादी वर्ष 1987 में ऋचा शर्मा से हुई थी। दोनों की एक बेटी त्रिशाला दत्त हैं। वर्ष 1996 में ब्रेन ट्यूमर के कारण ऋचा शर्मा का निधन हो गया। इसके बाद संजय दत्त ने 1998 में ब्रिटिश मॉडल रिया पिल्लई से विवाह किया। दोनों का रिश्ता करीब सात वर्षों तक चला और वर्ष 2005 में अलग होने का फैसला किया। कानूनी तौर पर दोनों का तलाक 2008 में हुआ।

रिया पिल्लई अपने समय की चर्चित मॉडल रही हैं और कई विज्ञापनों व टेलीविजन परियोजनाओं का हिस्सा भी रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉर्पोरेट’ में भी छोटी भूमिका निभाई थी। हालांकि बाद में उन्होंने मनोरंजन जगत से दूरी बना ली।

संजय दत्त से अलग होने के बाद रिया पिल्लई का नाम पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के साथ जुड़ा। दोनों लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और उनकी एक बेटी आयना है। बाद में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया और इस दौरान कानूनी विवाद भी सामने आए।

इन दिनों रिया पिल्लई आध्यात्मिक जीवन की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर को अपना मार्गदर्शक माना है और सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा करती रहती हैं। वह अब अभिनय की दुनिया से दूर अपनी बेटी के साथ निजी जीवन व्यतीत कर रही हैं।

वहीं संजय दत्त अपने अभिनय करियर में लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में वह फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में दमदार भूमिका में नजर आए। इसके अलावा उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘राजा साहब’ और मराठी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में भी अहम किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button