एड शीरन ने शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के लिए रिकॉर्ड किया गाना, मन्नत में एक ही रात में तैयार हुआ ‘तू मिल जाए’

ब्रिटिश सिंगर एड शीरन ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे एक रात वह शाहरुख के घर मन्नत पहुंचे और उसी दौरान फिल्म के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड किया। यह बॉलीवुड के लिए एड शीरन का पहला गाना है।
शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर को उनकी फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज किया गया। इस गाने को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। वहीं, एड शीरन भी इस गाने का हिस्सा बने हैं। अब सिंगर ने खुद बताया है कि उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का मौका कैसे मिला।
शाहरुख ने पहली मुलाकात में ही दिया था गाने का ऑफर
एड शीरन के मुताबिक, जब उनकी पहली मुलाकात शाहरुख खान से हुई थी, तभी अभिनेता ने उनसे अपनी अगली फिल्म के लिए एक गाना बनाने को कहा था। साल 2025 में एड शीरन और अरिजीत सिंह का म्यूजिक वीडियो ‘सैफायर’ रिलीज हुआ था, जिसमें शाहरुख खान ने कैमियो किया था।
एड ने बताया कि जब वह और अरिजीत इस वीडियो में शाहरुख के कैमियो को लेकर उनसे मिलने गए थे, उसी दौरान ‘किंग’ के गाने पर काम शुरू हुआ। शाहरुख ने उन्हें कंपोजर सचिन-जिगर से मिलवाया और उसी रात उन्होंने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड किया।
एड शीरन ने सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
एड शीरन ने गाने की रिकॉर्डिंग का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि पहली मुलाकात में शाहरुख ने उनसे अपनी अगली फिल्म के लिए गाना बनाने की बात कही थी। समय के साथ दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने लगे और उनके बीच अच्छी दोस्ती हो गई।
उन्होंने बताया कि पिछली बार भारत आने पर वह शाहरुख के घर गए थे, ताकि अभिनेता उनके और अरिजीत सिंह के ‘सैफायर’ म्यूजिक वीडियो में कैमियो कर सकें। उसी दिन शाहरुख ने उनकी मुलाकात सचिन-जिगर से कराई और उसी रात उन्होंने ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपनी आवाज रिकॉर्ड की।
एड ने खुशी जताई कि इस गाने में अरिजीत सिंह भी उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस एक प्रोजेक्ट में उनके पसंदीदा लोग एक साथ आए हैं। फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है, जबकि ‘तू मिल जाए’ गाना रिलीज हो चुका है।
शाहरुख खान ने जताया एड शीरन का आभार
एड शीरन की पोस्ट को शाहरुख खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और उनका शुक्रिया अदा किया। शाहरुख ने लिखा, “ये गाना करने के लिए मेरे दोस्त तुम्हारा जितना शुक्रिया अदा करूं कम है… खासकर हिंदी वाले हिस्से के लिए। लव यू एड शीरन।”



