महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर रायपुर लाया गया, 4 नवंबर को CBI कोर्ट में होगी पेशी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को इंडिगो की फ्लाइट 6E2307 से रायपुर लाया गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को उसकी दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है। अब उसे 4 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 2 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में CBI ने आरोपी की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लंबी बहस हुई।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उसके सामने आरोपी की ट्रांजिट रिमांड का मुद्दा है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत सौरभ चंद्राकर के खिलाफ CBI मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी।
अदालत ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि प्रत्यर्पण की शर्तों और मुकदमे की वैधता से जुड़े सवालों पर निर्णय संबंधित ट्रायल कोर्ट ही लेगी।



