शाहरुख खान की ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ ने बनाया रिकॉर्ड, 24 घंटे में मिले 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज

शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ के पहले गाने ‘तू मिल जाए’ ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर को रिलीज हुए इस गाने को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। महज 24 घंटे में गाने को सभी प्लेटफॉर्म मिलाकर 60 मिलियन यानी 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस आंकड़े के साथ गाने ने भारतीय फिल्मों के गानों की 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे जाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
राम चरण की फिल्म का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले भारतीय फिल्मी गानों का रिकॉर्ड राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ के नाम था। राम चरण और जाह्नवी कपूर पर फिल्माए गए इस गाने को रिलीज के पहले 24 घंटों में सभी भाषाओं को मिलाकर 46 मिलियन यानी 4.6 करोड़ व्यूज मिले थे। अब शाहरुख खान के गाने ‘तू मिल जाए’ ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है।
‘जवान’ और ‘पुष्पा 2’ के गाने भी पीछे
साल 2023 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ के गाने ‘जिंदा बंदा’ को पहले 24 घंटों में करीब 46 मिलियन व्यूज मिले थे। इस गाने ने उस समय शानदार रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन बाद में राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ ने इसे पीछे छोड़ दिया।
वहीं, साल 2024 में आई अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के गाने ‘किसिक’ को 24 घंटे में करीब 42 मिलियन व्यूज मिले थे। अब ‘तू मिल जाए’ ने इन सभी गानों के आंकड़ों को पार कर नया रिकॉर्ड कायम किया है।
‘किंग’ को लेकर बढ़ा दर्शकों का उत्साह
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। जन्मदिन पर गाने की रिलीज के बाद फिल्म के प्रमोशन ने भी रफ्तार पकड़ ली है। इसके अलावा करीना कपूर ने भी शाहरुख के साथ एक गाना आने की पुष्टि की है। ऐसे में फिल्म के अगले अपडेट और रिलीज को लेकर फैंस की नजरें बनी हुई हैं।



