बागेश्वर धाम से लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती

रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वह गुरु पूर्णिमा पर बागेश्वर धाम के दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। दुर्घटना में उनके कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।
हादसे के समय किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, किरण देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। हादसे में उनका चालक भी घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस संबंध में प्रशासन या भाजपा की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दीपक बैज ने जताई चिंता
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने किरण देव के सड़क हादसे में घायल होने पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि वह ईश्वर से किरण देव के जल्द स्वास्थ्य लाभ और पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं तथा इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं किरण देव और उनके परिवार के साथ हैं।

