PM मोदी के AI वीडियो पर मेटा इंडिया हेड समेत कई लोगों पर केस: हैदराबाद पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया अकाउंट्स भी जांच के दायरे में

हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के कथित रूप से AI और डिजिटल एडिटिंग के जरिए तैयार किए गए आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है।
पुलिस ने मेटा (Meta) के इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास, कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस तरह की सामग्री सामाजिक शांति भंग करने और लोगों को गुमराह करने वाली है।
पुलिस के अनुसार, तेलंगाना के दो निवासियों- व्यवसायी एस. अरविंद रेड्डी और भाजपा कार्यकर्ता टी. साईकिरण गौड़ ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। उनका आरोप है कि इंस्टाग्राम ब्राउज करते समय उन्हें प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) के मॉर्फ्ड और AI से तैयार किए गए कई वीडियो और तस्वीरें मिलीं, जिनमें उन्हें कथित तौर पर अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक तरीके से दिखाया गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और उपहासपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनका व्यापक प्रसार हुआ।
दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज
शिकायतों के आधार पर हैदराबाद पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर (PM Modi) दर्ज की हैं। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों को आरोपी बनाया गया है, जबकि मेटा के इंडिया हेड को दोनों मामलों में सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद मेटा ने भारत सरकार को भरोसा दिलाया है कि प्रधानमंत्री समेत अन्य वीआईपी खातों से जुड़े संवेदनशील कंटेंट की निगरानी और समीक्षा अब वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। कंपनी की टीम इस सप्ताह कंटेंट मॉडरेशन और अन्य मुद्दों पर सरकार के साथ बैठक भी करेगी।
दिल्ली पुलिस ने भी जारी किया नोटिस
इधर, दिल्ली पुलिस भी हाल में प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने कई प्लेटफॉर्म्स को ऐसे कंटेंट हटाने के निर्देश देने के साथ कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स और न्यूज पोर्टलों को नोटिस भी जारी किए हैं।

