देशभर में मानसून का कहर: असम में 82 मौतें, गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात; कई राज्यों में IMD का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून अपने चरम पर है और लगातार हो रही भारी बारिश (Monsoon) से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पूर्वोत्तर के असम से लेकर पश्चिमी राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र तक बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बादल फटने, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
असम में बाढ़-बारिश से 82 लोगों की जान गई
सबसे ज्यादा असर असम में देखने को मिला है, जहां बाढ़ और बारिश (Monsoon) से अब तक 82 लोगों की जान जा चुकी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और चराइदेव समेत पांच जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। करीब दो लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राहत और बचाव के लिए 54 राहत शिविर और 26 राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
गुजरात में बाढ़ जैसे हालात
गुजरात में भी मूसलाधार बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सूरत में 24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि 12 अन्य क्षेत्रों में 10 इंच से अधिक वर्षा हुई। खेड़ा जिले के वसो क्षेत्र में बाजार और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया।
बारिश से कई जिले प्रभावित
महाराष्ट्र में लगातार बारिश से कई जिले प्रभावित हैं। पुणे में सामान्य (Monsoon) से करीब 180 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। नंदुरबार में रेड अलर्ट जारी होने के बाद स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। उजनी और वीर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद भीमा और चंद्रभागा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
उधर, कश्मीर घाटी में भारी बारिश के बीच शोपियां समेत कई ऊपरी इलाकों में बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मडस्लाइड की चेतावनी जारी की है। IMD ने पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक और केरल के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार सहित 13 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है।

