Follow Us on Our Social Media
National

रांची में आज छात्रों का विधानसभा मार्च, 1500 जवान तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों का विधानसभा घेराव आज प्रस्तावित है। आंदोलन को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा के आसपास कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में पहले ही निषेधाज्ञा लागू की जा चुकी है। यह प्रतिबंध 6 अगस्त से 12 अगस्त तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च निकालने की अपील की है। शहर के कई हिस्सों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो ने आंदोलन जारी रखने की बात कही

JPSC-JSSC से जुड़ी मांगों को लेकर देवेंद्र नाथ महतो समेत कई छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। महतो पिछले आठ दिनों से अनशन पर हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी के बाद मेडिकल टीम और प्रशासनिक अधिकारी रात में मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

महतो ने कहा कि वह अनशन नहीं तोड़ेंगे और छात्रों से विधानसभा घेराव में शामिल होने की अपील की। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत भी हुई है। सरकार की हाई लेवल कमिटी में शामिल मंत्रियों ने वीडियो कॉल के जरिए महतो का हालचाल लिया और भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया। हालांकि, बातचीत के बावजूद छात्रों ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम जारी रखने का फैसला किया है।

प्रशासन ने उपद्रव और हिंसा को लेकर दी चेतावनी

पुलिस प्रशासन ने मार्च के दौरान किसी भी तरह की अशांति रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि असामाजिक तत्वों को आंदोलन में शामिल होने से रोकने की कोशिश की जाएगी।

रांची प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी उग्र गतिविधि से दूर रहने की अपील की है। आंदोलनकारियों की ओर से आरोप लगाया गया है कि दूसरे जिलों से रांची आने वाले कुछ छात्रों को रोका जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button