धमतरी के जीजामगांव ITI में पहली बार शुरू हुआ मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का पहला बैच शुरू किया गया है। यह इस संस्थान का पहला प्रशिक्षण सत्र भी है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों को देखते हुए यह ट्रेड युवाओं के लिए करियर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें – हाईकोर्ट ने NEET छात्रा की OMR शीट में गड़बड़ी की याचिका खारिज की, 159 अंक सही पाए
दो साल का होगा प्रशिक्षण
मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें छात्रों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ बैटरी प्रबंधन प्रणाली, मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और खराबियों की पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
फिलहाल यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच सरकारी ITI में ही संचालित है। ऐसे में जीजामगांव ITI में इसकी शुरुआत जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ेंगे अवसर
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते चलन के साथ अधिकृत सर्विस सेंटर, ई-व्हीकल निर्माण कंपनियों, चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी से जुड़ी सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवा अपना सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी कर सकेंगे।
क्षेत्र में बढ़ रही विकास गतिविधियां
जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क समेत विभिन्न विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नए ITI भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया था।
जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय ITI कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए इस नए ट्रेड में प्रवेश लें।
प्रवेश प्रक्रिया शुरू
ITI में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए शासकीय ITI कुरूद से संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 23 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम करेली बड़ी में आयोजित समारोह में धमतरी जिले के लिए 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी। इनमें जीजामगांव में नवीन ITI की स्थापना भी शामिल थी।



