पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी का पार्टी कार्यालय में मिला शव, सुसाइड नोट में अन्याय और भ्रष्टाचार का जिक्र

पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में पूर्व राज्य मंत्री और टीएमसी के पूर्व विधायक आशीष बनर्जी का शव फंदे से लटका मिला। उनके पास से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें उन्होंने पार्टी में हुए अन्याय और भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया।
पुलिस के मुताबिक, नोट में आशीष बनर्जी ने लिखा कि वह छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे और न तो कभी गलत काम किया और न ही किसी से पैसे लिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने छात्रों को मुफ्त में पढ़ाया था।
यह भी पढ़ें – तारिक रहमान के भारत दौरे पर बढ़ा सस्पेंस
सुसाइड नोट में तारापीठ रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र है। आशीष बनर्जी ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वह टेंडर कमेटी का हिस्सा नहीं थे और उनके पास चेक पर हस्ताक्षर करने या प्लान पास करने का अधिकार भी नहीं था।
आशीष बनर्जी के करीबी दोस्त अनुब्रत मंडल ने उन्हें ईमानदार और शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि आशीष का किसी से विवाद नहीं था और परिवार में भी किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है।



