Follow Us on Our Social Media
Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले: नर्मदा के लिए ‘नमन मिशन’, खेल प्रतिभाओं के लिए टैलेंट सर्च प्रोग्राम को मंजूरी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विकास, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने प्रेस वार्ता कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।

नर्मदा की स्वच्छता के लिए ‘नमन मिशन’

नर्मदा नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘नमन मिशन’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अगले 5 वर्षों में 100 करोड़ रुपये का राज्य अनुदान दिया जाएगा। मिशन के तहत नर्मदा के जल की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और नदी घाटों की व्यापक सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें –रायपुर में बैंक ग्राहक की FD तुड़वाकर 14.97 लाख की हेराफेरी का आरोप,

5 से 15 साल के बच्चों के लिए खेल टैलेंट सर्च

प्रदेश में 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों की खेल प्रतिभा पहचानने और उन्हें निखारने के लिए विशेष टैलेंट सर्च प्रोग्राम चलाया जाएगा। इसके जरिए प्रतिभाशाली बच्चों और खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की योजना है।

विज्ञान और तकनीक के लिए 492 करोड़ रुपये

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अगले 5 वर्षों के लिए 492 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में विज्ञान और तकनीकी विकास को गति देना है।

एमपीआरडीसी में 35 नए पद

रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े फैसले के तहत मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में 35 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए प्रदेश में 4 नए वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाए जाएंगे।

8 हजार करोड़ के औद्योगिक निवेश की तैयारी

राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए 9 हजार एकड़ भूमि पर 8 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के लिए 11 स्थानों का चयन कर केंद्र सरकार को भेजा गया है। दिल्ली में हुई पहली बैठक में इन प्रस्तावों की सराहना किए जाने की जानकारी भी दी गई।

‘पीएम धन-धान्य योजना’ में मध्य प्रदेश अव्वल

सरकार के मुताबिक, ‘पीएम धन-धान्य योजना’ में मध्य प्रदेश देशभर में पहले स्थान पर रहा है। इसमें डिंडोरी जिले ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button