रायपुर में बैंक ग्राहक की FD तुड़वाकर 14.97 लाख की हेराफेरी का आरोप, एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत 2 पर FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैंक ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। मामले में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ गंज थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा का है, जहां सुषमा कुमार का खाता है। आरोप है कि बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने बिना जानकारी और सहमति के फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद 14.40 लाख रुपये से अधिक की FD को समय से पहले बंद कर दिया गया।
FD की रकम बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में पहले से मौजूद राशि को मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए गए।
यह भी पढ़ें –छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज,
जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के मुताबिक, रकम इंडियन सेल्स नाम की फर्म के खाते में भेजी गई थी। इस खाते का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि इसके बाद चेक और एटीएम के जरिए रकम निकाल ली गई।
7 अगस्त को सामने आया मामला
मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। खाते में गड़बड़ी सामने आने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की।
बैंक की आंतरिक जांच में कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डिप्टी मैनेजर समेत 2 पर FIR
पुलिस ने मामले में बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



