Gaja Capital IPO की लिस्टिंग से पहले बढ़ी हलचल, 31.33 गुना सब्सक्रिप्शन; GMP दे रहा 12% गेन का संकेत

दिल्ली। Gaja Capital ब्रांड के तहत काम करने वाली Gaja Alternative Asset Management Ltd के IPO को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। 19 अगस्त को खुला यह IPO 21 अगस्त को बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, इश्यू को कुल 31.33 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। ऑफर किए गए 2,53,28,946 शेयरों के मुकाबले निवेशकों ने 79,34,89,857 शेयरों के लिए बोली लगाई।
इस IPO में सबसे ज्यादा उत्साह नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) कैटेगरी में देखने को मिला। इस कैटेगरी का हिस्सा 62.35 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए आरक्षित हिस्सा 11.03 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी इस IPO के जरिए कुल 550 करोड़ रुपए जुटा रही है। इसमें 450 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 100 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है।
यह भी पढ़े: सात दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 500 अंक चढ़ा; ये 5 कारण रहे अहम
GMP में उछाल से लिस्टिंग पर मुनाफे के संकेत
IPO की लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में भी तेजी दिखाई दे रही है। 22 अगस्त की सुबह 8:32 बजे तक GMP 19 रुपए बताया गया। कंपनी का अपर प्राइस बैंड 160 रुपए है। इस हिसाब से मौजूदा GMP के आधार पर अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब 179 रुपए हो सकती है। यानी निवेशकों को करीब 12% का संभावित लिस्टिंग गेन मिल सकता है। हालांकि GMP अनौपचारिक बाजार का संकेत है और वास्तविक लिस्टिंग कीमत इससे अलग हो सकती है।
IPO का प्राइस बैंड 152 से 160 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था। एक लॉट में 93 शेयर हैं। अपर प्राइस बैंड पर रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश 14,880 रुपए था।
कंपनी के IPO शेयरों का अलॉटमेंट 24 अगस्त को होने की उम्मीद है। वहीं NSE और BSE पर शेयरों की संभावित लिस्टिंग 26 अगस्त 2026 को हो सकती है।
372 करोड़ रुपए का होगा इस्तेमाल
कंपनी के मुताबिक, फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम में से करीब 372 करोड़ रुपए का इस्तेमाल मौजूदा और नए फंड्स के लिए स्पॉन्सर कमिटमेंट पूरा करने और ब्रिज लोन चुकाने में किया जाएगा। बाकी राशि सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों में खर्च होगी।
Gaja Alternative Asset Management की शुरुआत 2004 में हुई थी। कंपनी Gaja Capital ब्रांड के तहत अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड मैनेज करती है और भारतीय कंपनियों में निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों को भी सेवाएं देती है।



