Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

23 गंभीर मरीजों के इलाज के लिए पीएमएनआरएफ से 69 लाख रुपये की सहायता, बृजमोहन अग्रवाल की अनुशंसा पर राशि मंजूर

रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 23 गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से कुल 69 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस संबंध में विधिवत पत्र जारी कर सहायता राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई है। यह राशि सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अनुशंसा और लगातार किए गए प्रयासों के बाद मंजूर हुई है।

इन मरीजों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय सर्जरी, कैंसर और थैलेसीमिया मेजर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल हैं। इन बीमारियों का इलाज काफी महंगा होता है और कई सामान्य तथा मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए इसका खर्च उठाना मुश्किल होता है। ऐसे में पीएमएनआरएफ से मिली आर्थिक सहायता इन परिवारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

हर मरीज के इलाज के लिए 3 लाख रुपये मंजूर

जानकारी के अनुसार, 23 पात्र मरीजों के उपचार के लिए प्रत्येक को 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस तरह कुल 69 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई है। यह सहायता सीधे उन अस्पतालों को भेजी गई है, जहां संबंधित मरीजों का इलाज चल रहा है।

मरीजों का इलाज देश के अलग-अलग प्रमुख अस्पतालों में किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली का इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, बेंगलुरु का नारायण हृदयालय हेल्थ सिटी, हैदराबाद का अपोलो अस्पताल, गुजरात के नडियाद स्थित मूलजीभाई पटेल यूरोलॉजिकल अस्पताल, कोयंबटूर का कोवई मेडिकल सेंटर एंड हॉस्पिटल, नागपुर का वॉकहार्ट अस्पताल और गुरुग्राम का फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट शामिल हैं। इसके अलावा रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय और श्री बालाजी इंस्टीट्यूट में भी कुछ मरीजों का इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें -बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध मौत, रिटायर्ड शिक्षक समेत पत्नी और बच्चों के शव बरामद

गंभीर बीमारी के साथ आर्थिक संकट से जूझ रहे थे परिवार

बताया गया कि गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च उठाना मरीजों के परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। कई मामलों में बोन मैरो और किडनी ट्रांसप्लांट जैसे उपचार के लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। ऐसे में परिवारों ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया था।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इन आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय को अनुशंसा भेजी। इसके बाद संबंधित मामलों में लगातार संपर्क और फॉलोअप किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मंजूर की गई।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- जनता मेरा परिवार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सहायता राशि मंजूर होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए परिवार की तरह है। जब किसी परिवार का सदस्य गंभीर बीमारी और आर्थिक संकट से गुजरता है, तो उसकी परेशानी व्यक्तिगत रूप से उन्हें भी प्रभावित करती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के संवेदनशील नेतृत्व के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिलना संभव हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्थिक मदद मिलने के बाद मरीजों का बेहतर उपचार हो सकेगा और वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।

परिजनों ने जताया आभार

आर्थिक परेशानी के बीच इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों ने सहायता मिलने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रति आभार जताया। परिजनों का कहना है कि इलाज का खर्च उनके लिए बड़ी चिंता बन गया था। ऐसे समय में मिली आर्थिक सहायता से उपचार जारी रखने में मदद मिलेगी।

सांसद की ओर से कहा गया है कि जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों की सहायता के लिए आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button