Follow Us on Our Social Media
International

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध मौत, रिटायर्ड शिक्षक समेत पत्नी और बच्चों के शव बरामद

रंगपुर। बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगामी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम शामिल हैं। चारों के शव उनके घर से अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे दासपारा इलाके में एक बंद मकान से शव बरामद किए गए। परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। रिश्तेदारों ने जब परिवार से संपर्क नहीं होने पर घर पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजा बंद था। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

यह भी पढ़ें – ‘जोश’ में शाहरुख खान ने कटवाए थे मेरे कई सीन, एक्टर पुनीत वशिष्ठ का दावा

अलग-अलग जगहों से मिले शव

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। वहीं 12 वर्षीय बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला।

गणपति चक्रवर्ती की उम्र 65 वर्ष थी और वह पिछले साल रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी बेटी ने इसी साल अंग्रेजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि बेटा कक्षा 5 में पढ़ता था।

गुरुवार से परिवार से नहीं हो रहा था संपर्क

परिजनों के मुताबिक परिवार से आखिरी बार गुरुवार दोपहर को बातचीत हुई थी। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन बंद हो गए। शनिवार रात जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो मकान बंद मिला और अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं।

परिवार के सदस्यों ने किसी दुश्मनी या विवाद की जानकारी से इनकार किया है। गणपति के सेवानिवृत्त होने के बाद होम्योपैथिक चिकित्सक के रूप में काम करने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल चारों की मौत की वजह और घटना के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button