दुर्ग के स्कूल में शिक्षकों की कमी पर 12 घंटे प्रदर्शन, प्रिंसिपल हटाए गए; 4 नए शिक्षक नियुक्त

दुर्ग जिले के पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन करीब 12 घंटे तक चला। कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले करीब 400 छात्र-छात्राओं ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। मंगलवार दोपहर शुरू हुआ प्रदर्शन रात करीब 12 बजे खत्म हुआ।
शिक्षकों की कमी से नाराज थे छात्र
छात्रों का कहना है कि स्कूल में करीब 400 विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। उनकी मांग कम से कम 17 शिक्षकों की नियुक्ति की थी। खासतौर पर आर्ट्स और कॉमर्स विषयों के शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों के मुताबिक शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों का सिलेबस समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है, जिससे परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
पहले भी कर चुके थे प्रदर्शन
शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों ने 21 अगस्त को भी प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। उस समय प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। 25 अगस्त तक मांग पूरी नहीं होने पर छात्रों ने दोबारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर SDOP, तहसीलदार, SDM और स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। वे कलेक्टर या शिक्षा मंत्री से सीधे बातचीत की मांग कर रहे थे।
शिक्षा मंत्री से बातचीत के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
बाद में छात्रों की स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से फोन पर बातचीत कराई गई। मंत्री की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के लिए खाने की व्यवस्था भी की गई थी।
प्रिंसिपल हटाए गए, चार नए शिक्षक आएंगे
छात्रों की मांग के बाद स्कूल में चल रही ओपन स्कूल व्यवस्था को अगले सत्र से समाप्त करने का फैसला लिया गया है। मौजूदा प्राचार्य को भी हटा दिया गया है और नए प्राचार्य की नियुक्ति की गई है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए चार नए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। इसके बाद स्कूल में कुल सात शिक्षक हो जाएंगे।
हालांकि छात्रों की मांग 17 शिक्षकों की है। विभाग की ओर से कॉमर्स विषय के एक शिक्षक की जल्द व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया गया है। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध होने तक उनकी समस्या पूरी तरह दूर नहीं होगी।



