दुर्ग में महापौर की इनोवा में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं अलका बाघमार; फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

दुर्ग। नगर निगम दुर्ग परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगने से कुछ देर पहले ही महापौर गाड़ी से उतर चुकी थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, महापौर करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने अपनी इनोवा गाड़ी परिसर में खड़ी की और जैसे ही नीचे उतरीं, कुछ ही मिनट बाद वाहन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
नगर निगम परिसर में आग लगने की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें काफी तेज थीं।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
गाड़ी में रखे जरूरी दस्तावेज भी जले
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि गाड़ी में कुछ महत्वपूर्ण और कीमती दस्तावेज रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। उन्होंने शुरुआती तौर पर किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है।
महापौर के मुताबिक, वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना है। उन्होंने बताया कि महज 8 से 10 मिनट के भीतर आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
फोरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस भी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वाहन में आग किस वजह से लगी। महापौर के समय रहते गाड़ी से उतर जाने के कारण इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।



