KBC 18: मजदूरी करने वाले विशाल प्रेमचंद राठौड़ ने जीते 25 लाख, 50 लाख के सवाल पर छोड़ा खेल

मुंबई। ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’KBC 18 के मंच पर विशाल प्रेमचंद राठौड़ ने अपने ज्ञान और हौसले से सभी का दिल जीत लिया। तीन साल से MPSC की तैयारी कर रहे विशाल ने शो में शानदार खेल दिखाते हुए 25 लाख रुपये की रकम अपने नाम की। हालांकि, 50 लाख रुपये के 14वें सवाल पर वह जवाब को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे, इसलिए उन्होंने गेम क्विट करने का फैसला किया।
मजदूरी कर पढ़ाई करने को मजबूर थे विशाल
विशाल ने अमिताभ बच्चन को बताया कि आर्थिक परेशानियों के कारण उन्हें अपने पिता के साथ मजदूरी तक करनी पड़ी। उन्होंने भावुक होकर कहा, “कोई भी बड़ा बेटा अपने मां-बाप को काम करते नहीं देख सकता सर, मजबूरी है इसलिए मजदूरी है।”
उनकी कहानी सुनकर शो का माहौल भी भावुक हो गया। विशाल ने बताया कि पढ़ाई के दौरान कई बार उनके पास किताबें, फॉर्म और यात्रा के लिए भी पैसे नहीं होते थे। ऐसे समय में उनके दोस्तों ने उनका काफी साथ दिया।
50 लाख के सवाल पर लिया गेम क्विट
25 लाख रुपये जीतने के बाद विशाल के पास कोई लाइफलाइन नहीं बची थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने उनके सामने 50 लाख रुपये के लिए 14वां सवाल रखा।
सवाल था: 1953 में नंगा पर्वत की चोटी पर पहुंचने वाले पहले व्यक्ति कौन बने थे, जब उनके साथी चोटी से पहले ही रुक गए थे और उन्होंने अकेले चढ़ाई पूरी की?
विकल्प:
A. विली मर्कल
B. कार्ल एम. हर्लिगकोफर
C. हरमन बुल
D. रेनहोल्ड मेसनर
विशाल जवाब को लेकर निश्चित नहीं थे। गलत जवाब देने पर उनकी रकम घटकर 5 लाख रुपये रह सकती थी। ऐसे में उन्होंने जोखिम नहीं लिया और 25 लाख रुपये पर ही गेम क्विट कर दिया।
सही जवाब था हरमन बुल
गेम छोड़ने के बाद अमिताभ बच्चन ने बताया कि इस सवाल का सही जवाब विकल्प C- हरमन बुल था। विशाल के सुरक्षित तरीके से गेम क्विट करने के फैसले की बिग बी ने भी सराहना की।
जीती रकम से पिता और परिवार के लिए करेंगे काम
25 लाख रुपये जीतने के बाद विशाल ने बताया कि वह इस रकम से अपने गांव में दादाजी के पुराने कच्चे घर की मरम्मत करवाएंगे। इसके अलावा अपनी बहनों की पढ़ाई पूरी कराने में मदद करेंगे।
विशाल ने यह भी कहा कि अब वह आर्थिक मजबूरियों से थोड़ा राहत पाकर दोबारा सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देना चाहते हैं। તેમની कहानी ने KBC के मंच पर ज्ञान के साथ-साथ संघर्ष, परिवार और दोस्ती की एक भावुक तस्वीर भी पेश की।



