चौथे दिन ‘टॉक्सिक’ की कमाई में बड़ी गिरावट, वर्ल्डवाइड 254 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत तो मजबूत की थी, लेकिन रिलीज के चौथे दिन फिल्म की कमाई में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को वीकेंड होने के बावजूद फिल्म के कारोबार में खास बढ़ोतरी नहीं हुई। अब तक फिल्म दुनियाभर में 254.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।
चौथे दिन भारत में इतनी हुई कमाई
फिल्म ने शनिवार को भारत में करीब 24.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस दौरान कुल 17,612 शो बुक हुए और फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 24.3 प्रतिशत रही। शनिवार की कमाई पिछले दिन की तुलना में लगभग 9.9 प्रतिशत कम बताई गई है।
भाषा के आधार पर देखें तो फिल्म ने हिंदी में 15.50 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 6.60 करोड़ रुपये, तेलुगु में 1.50 करोड़ रुपये, तमिल में 75 लाख रुपये और मलयालम में करीब 15 लाख रुपये का कारोबार किया।
भारत और विदेश में कुल कलेक्शन
फिल्म का भारत में अब तक ग्रॉस कलेक्शन 227.50 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि नेट कलेक्शन करीब 190.45 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, विदेशी बाजार में फिल्म ने शनिवार को करीब 4 करोड़ रुपये कमाए और इसका ओवरसीज कलेक्शन 27.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इन आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 254.75 करोड़ रुपये हो गया है।
500 करोड़ के बजट की चुनौती
‘टॉक्सिक’ का अनुमानित बजट करीब 500 से 600 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में मौजूदा कलेक्शन को देखते हुए फिल्म के सामने अपनी लागत निकालने की बड़ी चुनौती है। फिल्म को 500 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी लंबा सफर तय करना होगा।
अब फिल्म के लिए रविवार का कलेक्शन काफी अहम माना जा रहा है। यदि रविवार को कमाई में मजबूत उछाल आता है, तो कारोबार को रफ्तार मिल सकती है। वहीं, वीकडेज में कमाई कमजोर रहने पर फिल्म के लिए बजट की भरपाई करना मुश्किल हो सकता है।
फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं और इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म के निर्माण में केवीएन प्रोडक्शंस और यश की भागीदारी बताई गई है।



