हॉकीहॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता और मधु का शानदार प्रदर्शन, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका

रायपुर, 17 सितंबर 2026। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में चार-चार गोल दागे।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया। वहीं मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से जीत दर्ज की, जिसमें गीता यादव ने दो गोल किए।
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया। इस मुकाबले में गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल दागकर भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूत किया।
दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से बिलासपुर की आवासीय हॉकी अकादमी के साथ ही छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
खेल संचालक ने खिलाड़ियों को दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील उपस्थित रहे।



