Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

बलौदाबाजार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज, सवा लाख दीपों से जगमगाया विवेकानंद सरोवर

बलौदाबाजार, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बलौदाबाजार जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में पूरे जिले में करीब 11 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय की चौपाटी में आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

मुख्य कार्यक्रम से पहले राजस्व मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चौक से चौपाटी तक ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

सवा लाख दीयों से जगमगाया विवेकानंद सरोवर

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विवेकानंद सरोवर रहा, जहां करीब 1.25 लाख दीयों से सरोवर को सजाया गया। पानी में प्रतिबिंबित दीपों की रोशनी और पेड़ों पर लगी रंग-बिरंगी लाइटों ने पूरे परिसर को रोशन कर दिया। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे।

देशभक्ति गीतों पर झूमे लोग

समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा टीम ने देशभक्ति गीत और भजनों की प्रस्तुति दी। इसी दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भी गीत प्रस्तुत किया, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।

जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ा प्रयास है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर, एसपी, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button