Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

झीरम फैसले पर सियासत तेज: अरुण साव बोले- कांग्रेस कर रही राजनीति, भूपेश बघेल का पलटवार- ‘आपके परिवार के लोगों की हत्या नहीं हुई’

रायपुर। झीरम घाटी मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं के बयानों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले पर राजनीति कर रही है। साव के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने झीरम में अपने बड़े नेताओं को खोया है और इस घटना का दर्द वही समझ सकता है, जिसने अपनों को खोया हो।

अरुण साव बोले- ‘झीरम का सच जेब में होने का दावा करते रहे’

झीरम मामले को लेकर कांग्रेस की बैठक और नेताओं के बयानों पर अरुण साव ने भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बघेल लगातार यह दावा करते रहे कि झीरम का सच और सबूत उनकी जेब में हैं, लेकिन जांच के दौरान उन्होंने उसे सामने नहीं रखा।

साव ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल इस पूरे मामले में राजनीति करते रहे। इससे पहले भी झीरम मामले में सत्तापक्ष की ओर से बघेल के पुराने बयानों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

भूपेश बघेल का पलटवार- ‘हमने अपने बड़े नेताओं को खोया है’

अरुण साव के बयान पर भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने झीरम घाटी हमले में अपने बड़े नेताओं को खोया है। उन्होंने कहा कि साव के परिवार के किसी सदस्य की इस घटना में हत्या नहीं हुई है, इसलिए वह इस दर्द को महसूस नहीं कर सकते।

बघेल ने साव पर निशाना साधते हुए कहा कि झीरम जैसी घटना को लेकर उन्हें केवल राजनीति नजर आती है, जबकि कांग्रेस के लिए यह अपने नेताओं और साथियों को खोने की त्रासदी है।

कवासी लखमा पर संदेह को लेकर भी बोले साव

झीरम मामले में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा पर उठ रहे संदेह को लेकर अरुण साव ने कहा कि एनआईए ने मामले की विस्तृत जांच की है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के बयान और साक्ष्य दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, वे चार्जशीट में शामिल होंगे।

बिलासपुर में बांग्लादेशी नागरिकों की जांच पर भी बयान

बिलासपुर में बांग्लादेशी नागरिकों की जांच के सवाल पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ लोगों के संदिग्ध होने की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर जांच की जा रही थी।

साव ने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में संबंधित व्यक्ति भारतीय नागरिक पाए जाते हैं, तो केवल नागरिक होने के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।

कांग्रेस अनुशासन समिति पर भी साधा निशाना

कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में नेताओं के बाहर जाने और वापस आने का सिलसिला चलता रहता है।

साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में न संविधान और न ही नियमों का पालन होता है तथा इसे एक परिवार की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसे बाहर करना है और किसे वापस लेना है, यह इसी तरह तय होता रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button