Follow Us on Our Social Media
National

US में ATC सिस्टम फेल, न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर उड़ानें ठप

एजेंसी। अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से में सोमवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की कम्युनिकेशन लाइन में खराबी के चलते न्यूयॉर्क के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर कई घंटों तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। इस दौरान सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द की गईं, जबकि बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी हुई। मामले की जांच अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) कर रहा है।

तकनीकी खराबी का सबसे ज्यादा असर न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी (JFK), लागार्डिया और नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पड़ा। इसके अलावा फिलाडेल्फिया से आने-जाने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुईं। यह समस्या फिलाडेल्फिया स्थित FAA के एक अहम एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में सामने आई। यहां कम्युनिकेशन सिस्टम की मुख्य लाइन का सर्किट फेल हो गया था। बाद में बैकअप के लिए इस्तेमाल होने वाली फाइबर ऑप्टिक लाइन में भी समस्या सामने आई।

600 से ज्यादा उड़ानें रद्द

ATC सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (ATC)  सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। सोमवार को यहां आने-जाने वाली 600 से ज्यादा उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई। कई अन्य उड़ानों को डायवर्ट किया गया या उनके संचालन में देरी हुई। न्यूयॉर्क क्षेत्र के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के लिए विमानों के संचालन से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं। हवाई यातायात में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों के संचालन को सीमित किया गया।

मुख्य लाइन के साथ बैकअप सिस्टम भी प्रभावित

FAA एडमिनिस्ट्रेटर ब्रायन बेडफोर्ड के मुताबिक, फिलाडेल्फिया के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में मुख्य कम्युनिकेशन लाइन का सर्किट फेल हुआ। इसके बाद बैकअप फाइबर ऑप्टिक लाइन में भी समस्या सामने आई। FAA दोनों कनेक्शनों को बहाल करने में जुट गया।

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि खराब हुई कम्युनिकेशन लाइनों की मरम्मत कर दी गई है और एयरपोर्ट्स पर ऑपरेशन दोबारा शुरू हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बैकअप लाइन की मरम्मत में करीब 13 घंटे लगने की बात कही गई थी। सिस्टम बहाल होने के बाद उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।

2025 में भी सामने आई थी ऐसी समस्या

फिलाडेल्फिया का यही FAA सेंटर पहले भी तकनीकी समस्याओं (ATC)  के कारण चर्चा में रहा है। 2025 में यहां तकनीकी दिक्कतों के चलते नेवार्क एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन कई बार प्रभावित हुआ था। इस बार की घटना के बाद FAA ने कम्युनिकेशन सिस्टम की तकनीकी स्थिति की जांच शुरू की है।

इस बीच न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से जुड़े कार्यक्रमों के लिए दुनिया के कई देशों के नेता और प्रतिनिधिमंडल पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में एयर ट्रैफिक सिस्टम में आई खराबी के कारण हवाई यातायात पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिला। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विमान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वाशिंगटन से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुआ।

FAA की ओर से सिस्टम की खराबी के कारणों और दोनों कम्युनिकेशन कनेक्शनों में आई समस्या की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उड़ान संचालन को सामान्य करने के लिए जरूरी तकनीकी कदम उठाए जा रहे हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button